विधायक चन्द्रभानु पासवान ने कार्यक्रम का आयोजन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मनाया जन्मदिन
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के कुमारगंज स्थित महर्षि बामदेव मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।

मिल्कीपुर(अयोध्या)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के कुमारगंज स्थित महर्षि बामदेव मंदिर में सुंदरकांड पाठ एवं पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान ने सहभागिता कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
इस अवसर पर विधायक ने मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा केक काटकर उपस्थित लोगों को मिष्ठान वितरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सुशासन, निवेश, आधारभूत संरचना विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
विधायक चंद्रभानु पासवान ने मुख्यमंत्री को ओजस्वी वक्ता, कुशल नेतृत्वकर्ता एवं कर्मशील व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।
विधायक चन्द्रभानु ने बताया कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए और मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मुख्यमंत्री की लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए विशेष हवन-पूजन के आयोजन पर जोर दिया। कार्यक्रम के बाद “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण का संकल्प लेते हुए मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




