उत्तर प्रदेश

फूलन देवी का जीवन सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और सम्मान की लड़ाई का प्रतीक : मो.अरशद खान

वीरांगना फूलन देवी सामाजिक न्याय मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक जौनपुर सदर मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि 10 अगस्त को जौनपुर सदर विधानसभा के ग्राम मनेछा, बिंद बस्ती में आयोजित बिंद, निषाद, मल्लाह, कश्यप, केवट, धीमर तथा दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक समाज की एकता सम्मेलन केवल एक जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सम्मान, समान अवसर और भाईचारे के संकल्प का ऐतिहासिक अवसर है।

Nayer Azam

लखनऊ/जौनपुर। वीरांगना फूलन देवी सामाजिक न्याय मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक जौनपुर सदर मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि 10 अगस्त को जौनपुर सदर विधानसभा के ग्राम मनेछा, बिंद बस्ती में आयोजित बिंद, निषाद, मल्लाह, कश्यप, केवट, धीमर तथा दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक समाज की एकता सम्मेलन केवल एक जन्मदिन समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, सम्मान, समान अवसर और भाईचारे के संकल्प का ऐतिहासिक अवसर है।

उन्होंने कहा कि वीरांगना फूलन देवी ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के सम्मान और स्वाभिमान की आवाज़ बनने का प्रयास किया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक न्याय की आकांक्षा का प्रतीक बन गया। लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनके संसदीय जीवन ने भी वंचित समाज की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का अवसर प्रदान किया।

मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि बिंद, निषाद, मल्लाह, कश्यप, केवट, धीमर तथा अन्य नदी और जल-आधारित आजीविका से जुड़े समाजों का भारत के इतिहास, संस्कृति, कृषि, मत्स्य पालन, जल परिवहन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इन समाजों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, आधुनिक तकनीक, सामाजिक सम्मान और विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तब संभव है जब दलित, पिछड़ा, आदिवासी, अल्पसंख्यक, वंचित तथा सभी वर्गों के लोग परस्पर सद्भाव और एकता के साथ आगे बढ़ें। सामाजिक न्याय का अर्थ किसी वर्ग के विरुद्ध खड़ा होना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को संविधान द्वारा प्रदत्त समान अधिकार, सम्मान और अवसर सुनिश्चित करना है।

मोहम्मद अरशद खान ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर, समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, जननायक कर्पूरी ठाकुर और नेताजी मुलायम सिंह यादव ने सामाजिक न्याय, समान भागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का जो मार्ग दिखाया, उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देगा तथा युवाओं को शिक्षा, संगठन, संवैधानिक अधिकारों और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करेगा।

अंत में मोहम्मद अरशद खान ने जौनपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों, विशेषकर बिंद, निषाद, मल्लाह, कश्यप, केवट, धीमर समाज, दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक तथा सभी सामाजिक वर्गों के लोगों से अपील की कि वे 10 अगस्त 2026 को सायं 4 बजे ग्राम मनेछा, बिंद बस्ती में आयोजित इस सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सामाजिक एकता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के इस अभियान को सफल बनाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button