महाराणा प्रताप की राष्ट्रभक्ति देश के लिए प्रेरणास्रोत : प्रदीप सिंह बब्बू
महाराणा प्रताप अमर रहें और भारत माता की जय के उद्घोषों से गूंजा हुसैनगंज

NIT -News
लखनऊ।वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज स्थित महाराणा प्रताप चौक पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मनायी गई। इस अवसर पर क्षत्रिय संगठनों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश क्षत्रिय समन्वय समिति के प्रदेश संयोजक प्रदीप सिंह बब्बू द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदीप सिंह बब्बू ने कहा कि महाराणा प्रताप का अदम्य साहस, त्याग, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन संघर्ष में बिताया और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह बिष्ट, नोएडा से विधायक पंकज सिंह, सदस्य विधान परिषद संतोष सिंह, गौरीगंज से विधायक राकेश सिंह, गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू, महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शिवशरन सिंह गहरवार तथा पूर्व डीजीपी यशपाल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, शौर्य फाउंडेशन, अखंड राष्ट्रवादी पार्टी, करणी सेना, भारतीय क्षत्रिय समाज, श्रीराम सेवा समिति, राजपूताना महासभा, राष्ट्रीय क्षत्रिय महासभा, अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद तथा उत्तर प्रदेश क्षत्रिय लोक सेवक परिवार महासमिति सहित कई सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का वातावरण महाराणा प्रताप अमर रहें और भारत माता की जय के उद्घोषों से गूंज उठा।



