लखनऊ

कोटेदारों का शोषण करने वाले अधिकारी नहीं बख्शे जाएंगे, अवैध वसूली पर होगी कठोर कार्रवाई-मनोज पांडेय

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविंद्रालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय ने कोटेदारों के हितों, सम्मान और अधिकारों को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कोटेदारों का शोषण करने, उनसे अवैध वसूली करने अथवा भ्रष्टाचार के जरिए उन्हें परेशान करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

लखनऊ:

ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविंद्रालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय ने कोटेदारों के हितों, सम्मान और अधिकारों को लेकर स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कोटेदारों का शोषण करने, उनसे अवैध वसूली करने अथवा भ्रष्टाचार के जरिए उन्हें परेशान करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोटेदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनुचित दबाव बनाया जाता है अथवा अवैध वसूली की जाती है तो ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार कोटेदारों के जायज हितों और उनके सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।मंत्री श्री पांडेय ने कोटेदारों से भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरकार कोटेदारों के हितों और सम्मान की चिंता करती है, उसी प्रकार कोटेदारों का भी दायित्व है कि वे राशन लेने आने वाले गरीब और जरूरतमंद लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सम्मानपूर्वक राशन उपलब्ध कराया जाए। किसी भी लाभार्थी को राशन लेने के दौरान अपमानित अथवा परेशान न होना पड़े। निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 16 करोड़ लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में कोटेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों के अधिकारों से जुड़ी व्यवस्था है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।कार्यक्रम में हाल ही में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में की गई वृद्धि को लेकर कोटेदार संगठनों ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं खाद्य एवं रसद मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय जी का विशेष आभार व्यक्त किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि कोटेदार लंबे समय से अपने लाभांश में वृद्धि की मांग करते आ रहे थे। सरकार द्वारा इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जाना उनके लिए बड़ी राहत है। यह निर्णय केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने वाला नहीं है, बल्कि इससे उनके मान-सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा में भी वृद्धि हुई है। प्रतिनिधियों ने भावुकता के साथ कहा कि अब तक हम अपनी मांगों को लेकर सरकार के सामने आवाज उठाते रहे, लेकिन लाभांश बढ़ाकर सरकार ने हमारे परिश्रम और योगदान को सम्मान दिया है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और मंत्री मनोज कुमार पांडेय जी के हृदय से आभारी हैं।इस अवसर पर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश तिवारी एवं संगठन के पदाधिकारियों ने मंत्री श्री मनोज कुमार पांडेय का बड़ी माला पहनाकर एवं गदा भेंटकर भव्य स्वागत और सम्मान किया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी ने कहा कि लाभांश वृद्धि का निर्णय प्रदेश के हजारों कोटेदारों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलने के साथ ही उनके आत्मसम्मान में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि संगठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं मंत्री मनोज कुमार पांडेय जी का आभार व्यक्त करता है और उम्मीद करता है कि भविष्य में भी कोटेदारों की समस्याओं का इसी संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाएगा।मंत्री श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए कार्य कर रही है। कोटेदारों की समस्याओं का समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोटेदारों के साथ अन्याय और शोषण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, वहीं कोटेदारों को भी गरीबों के हक का राशन पूरी ईमानदारी और सम्मान के साथ वितरित करना होगा।कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश तिवारी, प्रदेश महासचिव श्री अशोक सिंह, श्री कन्हैया शर्मा, श्री दीप नारायण राय सहित अन्य पदाधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में आए उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button