लखनऊ में MSME ODOP–ODOP समिट का उद्घाटन: उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बोले—रोजगार सृजन में मिल रहा नया विस्तार
द्योग संवाद के तत्वावधान में आज होटल रेनेसा गोमती नगर लखनऊ में आयोजित एमएसएमई ओडीओपी- ओडीओसी समिट/एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में बदलाव आने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं।
New Information Today10 minutes ago
0 2 minutes read
गोविन्द प्रजापति/लखनऊ, 12 अप्रैल 2026। उद्योग संवाद के तत्वावधान में आज होटल रेनेसा गोमती नगर लखनऊ में आयोजित एमएसएमई ओडीओपी- ओडीओसी समिट/एक्सपो के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में बदलाव आने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। उन्होंने आगे कहा कि एक जनपद एक व्यंजन को भी आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, इससे हमारे खाद्य उत्पाद, देश के प्रत्येक जनपद तक पहुंचेंगे और रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और उद्योग संवाद के प्रमुख अमित गुप्ता ने रितेश अग्रवाल, मनोज गोयल और रोहित महेश्वरी को पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर उद्यम रत्न अवार्ड से सम्मानित किया।
समारोह में अमित गुप्ता ने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद के अंतर्गत सबसे अधिक कार्य उत्तर प्रदेश में हुआ है, उसी तरह एक जिला एक व्यंजन में जौनपुर की इमरती, बांदा का सोहन हलवा, आगरा का पेठा यह सब स्थानीय खाद्य परम्परा की विरासत हैं, इन्हें लोकल से वोकल के माध्यम से देश में जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को जिले से बाहर निकल कर व्यापार करना होगा, इससे व्यापार बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री से तीन सूत्रीय मांग रखी जिसमें संस्था के लिए राजधानी में एक कार्यालय आवंटित करने सहित अन्य दो मांगे शामिल रहीं।
कार्यक्रम में मुकेश मेश्राम ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक संभावनाओं वाला प्रदेश है, यहां आबादी के हिसाब से जरूरतें भी ज्यादा हैं, चाहें पशुधन हो,मत्स्य पालन हो, मुर्गी पालन हो सरकार हर स्तर पर मदद को तैयार है। इसके लिए पशुधन विभाग ने वाट्सएप चैनल बनाया है और सरकार कुछ दिनों में स्वर्ण दुग्ध महोत्सव आयोजित करने जा रही है। कोई भी जन साधारण इसके जरिए रोजगार शुरू कर सकता है और अच्छी खासी सब्सिडी प्राप्त कर सकता है।
कार्यक्रम में बी.के.वर्मा संयुक्त निदेशक, एमएसएमई-डीएफओ कानपुर ने कहा कि आज एम एस एम ई में रजिस्ट्रेशन सिर्फ पोर्टल या मोबाइल के माध्यम से हो सकता है, इतना ही नहीं भारत सरकार नें ऐसी व्यवस्था बनाई है, कि कोई भी व्यापारी अपना प्रोडक्ट सरकार द्वारा निर्धारित जगह पर बेचकर मुनाफा निकाल सकता है, सरकारी स्तर पर उसकी मार्केटिंग व ब्रांडिंग की जाती है। इस अवसर पर मनीष अग्रवाल, गुलशन डंग, अनीता अग्रवाल, रवीन्द्र जायसवाल, रितेश अग्रवाल, गोविंद बाबू टाटा, आलोक आर्या, जगत नारायण अग्रवाल, पवन अग्रवाल, आशीष गोयल, पंडित गजेंद्र शर्मा सहित उत्तर प्रदेश और देश के विभिन्न प्रदेशों के व्यापरियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर एमएसएमई ओडीओपी- ओडीओसी एक्सपो में चन्दौली के जरी और जरदोजी उत्पाद, प्रतापगढ़ के आंवले का मुरब्बा, लखनऊ की चिकनकारी के कुर्ते और साड़ियां, बांदा का सोहनहलवा और बालूशाही, जौनपुर की इमरती, आगरे के लेदर उत्पाद,पेठे और पेड़े आदि के स्टाल आकर्षण का केन्द्र बने।