उत्तर प्रदेश
न्याय आपके द्वार: एसडीएम ने गांव में की पैमाइश और मुकदमों की समीक्षा, बोले- “जनता को नहीं काटना होगा दफ्तरों के चक्कर।”
शासन के निर्देशानुसार पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया को तेज करते हुए उपजिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह ने क्षेत्र के रघौली गांव पहुंचकर विवादित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।

Dinesh Prajapati
शासन के निर्देशानुसार पुराने राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया को तेज करते हुए उपजिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह ने क्षेत्र के रघौली गांव पहुंचकर विवादित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों पक्षों की मौजूदगी में मौके पर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।तहसील क्षेत्र के रघौली गांव में बलजोर और धर्मेंद्र के बीच खेत के बंटवारे को लेकर धारा 24 के तहत एक मुकदमा पिछले एक वर्ष से अधिक समय से विचाराधीन है। मुकदमे के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण को सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम अशोक कुमार सिंह स्वयं गांव पहुंचे और संबंधित भूमि का भौतिक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उनके साथ आर.के. सुधाकर तथा क्षेत्रीय लेखपाल जयप्रकाश भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों की उपस्थिति में विवादित भूमि का निरीक्षण करते हुए वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान लेखपाल से भूमि के अभिलेखों तथा सीमांकन से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त की गई। साथ ही एसडीएम ने दोनों पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनकर आवश्यक निर्देश दिए।इस संबंध में एसडीएम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पुराने राजस्व वादों के त्वरित एवं संगत निस्तारण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी तथ्यों की जांच कर जल्द ही मामले का निस्तारण कर दिया जाएगा, ताकि लंबे समय से चल रहा विवाद समाप्त हो सके।




