अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति कलश यात्रा निकाली गई।
100 साल से जल रहे अखंड दीपक की ज्योति यात्रा:गाजीपुर में निकली, शाम 5 बजे होगा दीप महायज्ञ

Arvind Kumar Patel
गाजीपुर में अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में दिव्य ज्योति कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा गुरुवार, 5 मार्च को गाजीपुर नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया और दिव्य ज्योति तथा 2400 तीर्थों के जल-रज से भरे कलश के दर्शन किए।गायत्री परिवार गाजीपुर शाखा के प्रमुख सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह यात्रा एक अखंड दीपक से संबंधित है, जिसे बसंत पर्व वर्ष 1926 में परम पूज्य गुरुदेव ने विशेष अनुष्ठान के साथ प्रज्वलित किया था। यह अखंड दीपक बसंत पर्व 2026 में अपने 100 वर्ष पूरे कर चुका है और आज भी निरंतर प्रज्वलित है।सुरेंद्र सिंह के अनुसार, इस अखंड दीपक के सानिध्य में प्रतिदिन करोड़ों गायत्री मंत्रों का जप विश्व कल्याण के लिए किया जाता है। मान्यता है कि जो दीपक 12 वर्षों तक निरंतर जलता है और उसके समीप गायत्री मंत्र का जप होता है, उसके दर्शन मात्र से 12 जन्मों के पाप-ताप दूर हो जाते हैं। ऐसे में 100 वर्षों से जल रहे इस दिव्य अखंड दीपक से संबंधित ज्योति कलश के दर्शन अत्यंत पुण्यदायी माने जाते हैं।गाजीपुर नगर में यह दिव्य ज्योति कलश यात्रा बयेपुर, सकलेनाबाद, आमघाट, ददरीघाट, जल निगम, मोहनलाल का पोखरा, रानीपुर, बवाड़ा, खालिसपुर, लक्ष्मीपुर और जंगीपुर जैसे प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इन सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत कर दर्शन किए।



