उत्तर प्रदेश

जिला कारागार के जैविक उत्पादों ने प्रदर्शनी में जीता दिल, स्टॉल को मिला पुरस्कार

Raj Saxsena

गोरखपुर। शहर के विद्या विनीशिनी पार्क में उद्यान विभाग एवं रोटरी क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक फल, फूल एवं शाकभाजी प्रदर्शनी-2026 में जिला कारागार गोरखपुर के स्टॉल ने अपनी विशिष्टता के दम पर दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रदर्शनी में जिला कारागार द्वारा जैविक विधि से उगाई गई विभिन्न प्रकार की दुर्लभ एवं पौष्टिक सब्जियों का प्रदर्शन किया गया। इनमें मुख्य रूप से रोमांसो ब्रोकली, ब्रोकली राब सहित अन्य सब्जियां अपनी अनोखी बनावट के कारण आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। वहीं लाल पत्ता गोभी, गहरे बैंगनी रंग की पत्तागोभी सहित अन्य रंग-बिरंगी सब्जियों ने स्टॉल की शोभा बढ़ाई।
इसके साथ ही कारागार परिसर में तैयार विभिन्न प्रजातियों के आकर्षक पुष्प भी लोगों को खूब भाए। जेल प्रशासन की ओर से स्टॉल को व्यवस्थित ढंग से सजाकर आमजन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसकी आगंतुकों ने सराहना की।
इस पहल का उद्देश्य न केवल उत्कृष्ट कृषि उत्पादों का प्रदर्शन करना था, बल्कि यह भी दिखाना था कि जेल के भीतर बंदी आधुनिक एवं रचनात्मक खेती के गुर सीखकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उद्यान विभाग द्वारा जिला कारागार गोरखपुर को पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पाण्डेय, जेलर अरुण कुमार कुशवाहा, उपजेलर विजय कुमार सहित अन्य कारागार कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button