अपराध

लखनऊ में तेज रफ्तार कार ने 6 को रौंदा:6 साल के बच्चे की मौत, 5 घायल

लखनऊ में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक 6 साल के बच्चे की मौत हो गई। जबकि 2 महिला और 2 बच्चों समेत 5 लोग घायल हो गए।   राहगीरों और आस-पास के लोगों ने कार की चपेट में आए सभी लोगों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां से 6 साल के बच्चे को सरोजनीनगर CHC रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया। जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। सूचना पर बच्चे के माता-पिता अस्पताल पहुंचे। बेटे के चेहरे से कफन हटाते ही मां चीख पड़ी। पिता ने किसी तरह उन्हें संभाला। हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे का कानपुर रोड, बंथरा थाना क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास का है। घटना के समय गाड़ी में एक लड़का और लड़की थे। लोगों ने ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, तो वह लड़की को उतारकर फरार हो गया। भीड़ ने लड़की को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।हनुमान मंदिर के पास सहिजनपुर के प्रमोद कुमार अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी करके दुकान पर सामान ले रहे थे। तभी लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद लोग कार ड्राइवर को पकड़ने के लिए भागे तो उसने स्पीड बढ़ा दी। इस दौरान उसने बाजार में खरीदारी करने आए बंथरा के पापे उर्फ पउवा के 12 साल के बेटे अरमान को टक्कर मार दी। अरमान को कुचलने के बाद 100 मीटर दूर खड़े उन्नाव के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल (35), उनकी मां मीना देवी (60) और बेटे दीक्षांत (6) को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार ड्राइवर ने उन्नाव के सोहरामऊ के पथरहा गांव के रहने वाले ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी (42) को भी रौंद दिया। इतना ही नहीं, अनियंत्रित कार ने आगे खड़ी ऑटो में भी जोरदार टक्कर मारी। जब तक लोग कार चालक को पकड़ते वह वाहन सहित मौके से फरार हो गया। केवी में पढ़ता था दीक्षांत दीक्षांत के बाबा संतोष कुमार ने बताया- हम लोग तहसील सफीपुर की ऊगू गांव के मूल निवासी है। दीक्षांत की मां उसे पढ़ाने के लिए बंथरा में कमरा किराए पर लेकर रहती थी। दीक्षांत केवी स्कूल में पढ़ता था। आज दीक्षांत अपनी मां और नानी के साथ बाजार गया था। इस दौरान हादसा हो गया। कार वाले ने मेरे ऑटो में टक्कर मारी पथराहा के रहने वाले ऑटो रिक्शा चालक अवध बिहारी ने बताया-मैं बंथ्ररा चौराहे के पास सवारियों का इंतजार कर रहा था। अचानक किसी ने पीछे से ऑटो में तेज टक्कर मारी। मुझे कुछ पता ही नहीं चला। कुछ लोग मुझे लेकर अस्पताल आ गए। पति पूरी तरह होश में नहीं है घायल अवध बिहारी की पत्नी शिव देवी ने बताया- मेरे पति ऑटो से सवारी उतारकर बैठे ही थे। तभी चार पहिया वाले ने टक्कर मार दी। मैं घर पर थी। पुलिस वालों ने फोन कर बताया कि तुम्हारे पति का एक्सीडेंट हो गया है। इसके बाद अस्पताल आई। पति के सिर में चोट लगी है। अभी पूरी तरह होश में नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button