समाधान दिवस में 76 शिकायतें पहुंचीं:मधुबन में छह का मौके पर निस्तारण, जमीन विवादों के मामलों पर एडीएम सख्त
पर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रवींद्र कुमार और एसडीएम दीपक सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं।

दिनेश प्रजापति
मधुबन तहसील सभागार में शनिवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) प्रवींद्र कुमार और एसडीएम दीपक सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में अधिकतर मामले जमीनी विवाद से संबंधित थे। एडीएम ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाने और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की हिदायत दी।समाधान दिवस में खरगीपुर दुबारी निवासी राजेंद्र यादव ने शिकायत की कि दुबारी के चक संख्या-2650 में स्थित चकमार्ग पर अतिक्रमण कर लिया गया है। उन्होंने राजस्व विभाग से सीमांकन कराकर चकमार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।दरियाबाद खास निवासी कुबन्तर यादव ने आरोप लगाया कि राजस्व टीम द्वारा चकमार्ग की पैमाइश और चिन्हांकन के बावजूद विपक्षी ने चकमार्ग को जोतकर उसमें धान की रोपाई कर अतिक्रमण कर लिया है। उन्होंने प्रशासन से इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।अन्य शिकायतों में महुवी निवासी अंबिका प्रसाद ने गांव के सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर स्थित जर्जर नीम और जामुन के पेड़ों को दुर्घटना की आशंका के मद्देनजर कटवाने की मांग की। वहीं, हकारीपुर निवासी मुक्खु ने अपनी पत्रावली को ऑनलाइन दर्ज कराने संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।इस अवसर पर बीडीओ अनिल मौर्य, आपूर्ति निरीक्षक विनोद कुमार अग्रहरी, एसडीओ सतीश चौहान, रसूलपुर चौकी प्रभारी नवीन कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




