विकास नगर अग्निकांड के पीड़ितों की मदद को आगे आए आम जन
विकास नगर स्थित टेढ़ी पुलिया अग्निकांड की त्रासदी के बीच रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन भाई गुप्ता जी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए कार्यकर्ताओं और आम जनता से पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने की भावुक अपील की है।

Nayer Azam/लखनऊ , 18 अप्रैल 2026 लखनऊ: विकास नगर स्थित टेढ़ी पुलिया अग्निकांड की त्रासदी के बीच रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आ.) के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन भाई गुप्ता जी ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए कार्यकर्ताओं और आम जनता से पीड़ितों की सहायता के लिए आगे आने की भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में आम जन का सहयोग ही प्रभावित परिवारों को संबल दे सकता है। श्री गुप्ता ने घटना पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए कहा कि इस अग्निकांड ने लगभग 400 परिवारों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है, जिन्हें आर्थिक मदद देकर मुख्यधारा में वापस लाना अनिवार्य है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग की है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह घटना प्राकृतिक थी या किसी की बड़ी लापरवाही का नतीजा या फिर सुनियोजित षड़यंत्र का हिस्सा ।
श्री पवन भाई गुप्ता जी ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर समय रहते अग्निशमन दल मौके पर क्यों नहीं पहुँचा? उन्होंने कहा कि जनता इस देरी का कारण जानना चाहती है और सीबीआई की निष्पक्ष जांच से ही दूध का दूध और पानी का पानी हो सकेगा । श्री गुप्ता ने मांग की है कि पीड़ित परिवारों को आर्थिक मुआवजे के तौर पर तत्काल ₹10-10 लाख की सहायता दी जाए और प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के अंतर्गत प्रत्येक प्रभावित परिवार को एक एक सरकारी आवास उपलब्ध कराया जाए । उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक जांच और स्थाई आर्थिक सहायता की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक सरकार को इन सभी परिवारों के लिए अस्थाई निवास और भोजन का समुचित इंतजाम करना चाहिए। अंत में उन्होंने घोषणा की कि आरपीआई का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही घटनास्थल का दौरा कर अपनी तथ्यात्मक रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग करेगा ।




