उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने वाणिज्य बंधु की बैठक में उठाईं व्यापारियों की गंभीर समस्याएँ; DM को सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने एडीएम के समक्ष रखीं प्रमुख समस्याएं, विद्युत लोड बढ़ाने, गलत हाउस टैक्स बिल और कन्वर्जन चार्ज कम करने की मांग

Govind

उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने एडीएम के समक्ष रखीं प्रमुख समस्याएं, विद्युत लोड बढ़ाने, गलत हाउस टैक्स बिल और कन्वर्जन चार्ज कम करने की मांग

लखनऊ।अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित वाणिज्य बंधु की बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने राजधानी के व्यापारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे जोरदार ढंग से उठाए। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए विद्युत विभाग, नगर निगम और आवास विकास परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

संजय गुप्ता ने शिकायत की कि विद्युत विभाग व्यापारियों की सहमति के बिना उनके बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ा रहा है, जिससे अनावश्यक रूप से बिजली बिल बढ़ रहे हैं। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाने और जांच कराने की मांग की।

उन्होंने नगर निगम द्वारा जारी किए जा रहे कमर्शियल हाउस टैक्स के बिलों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि नियमित रूप से कर जमा करने के बावजूद कई वर्षों की बढ़ी हुई दरों को जोड़कर व्यापारियों को गलत और अत्यधिक बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे उनका आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है।

बैठक में संजय गुप्ता ने आवास विकास परिषद की नई उपविधि में कन्वर्जन चार्ज सर्किल रेट का 25 प्रतिशत निर्धारित किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यह दर अत्यधिक है, जिसके कारण व्यापारी इस योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने शासन को प्रस्ताव भेजकर इस दर को कम कराने की मांग की।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष इकबाल हसन ने अयोध्या रोड स्थित भूतनाथ मेट्रो स्टेशन से लेखराज मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो निर्माण के बाद नाला बंद होने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा कई बार सड़क ऊंची किए जाने से फुटपाथ नीचे हो गया है और नाले का पानी नहीं निकल पा रहा है। बारिश के दौरान लक्ष्मणपुरी मोड़ पर जलभराव और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानी होती है।

नगर उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र उपाध्याय ने रहीमनगर में खुले नाले के कारण राहगीरों के गिरने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए नाले को पत्थर की स्लैब से ढकने की मांग की।

बैठक में उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, प्रदेश उपाध्यक्ष इकबाल हसन, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला, प्रिंस मार्केट अध्यक्ष हलीम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button