उत्तर प्रदेश
घोसी लोकसभा: सांसद की सक्रियता रंग लाई, रेल मंत्री ने अंडरपास निर्माण हेतु सर्वे प्रक्रिया शुरू करने को कहा।
घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की

Dinesh Prajapati
घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र से जुड़े रेलवे कार्यों पर चर्चा की और मऊ-शाहगंज रेलखंड पर एक नए रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग की।सांसद राय ने रेल मंत्री को बताया कि मऊ-शाहगंज रेलखंड पर स्थित तालिमुद्दीन इंटर कॉलेज के पास हैदरनगर और अलीपुर को जोड़ने वाली सड़क पर रेलवे क्रॉसिंग है। इस क्रॉसिंग के कारण स्थानीय लोगों, स्कूली छात्र-छात्राओं, किसानों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। अक्सर लंबा इंतजार करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।इस गंभीर समस्या के स्थायी समाधान के लिए सांसद ने उक्त स्थान पर रेलवे अंडरपास के निर्माण की मांग करते हुए रेल मंत्री को एक पत्र सौंपा। उन्होंने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आग्रह किया। सांसद ने यह भी याद दिलाया कि उन्होंने अपनी पिछली बैठक में भी इस महत्वपूर्ण मुद्दे को उठाया था।सांसद की मांग पर सहमति जताते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल उक्त स्थल का भौतिक सर्वे कराने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिल सके।




