जलभराव की समस्या के समाधान हेतु पंपिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना को अनुमोदन
नगर आयुक्त साई तेजा तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में अर्बन फ्लड, जल प्लावन नियंत्रण एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के संबंध में मंडल स्तरीय प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई।

Sanjay Singh
प्रयागराज। मंडलायुक्त श्रीमती सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष, प्रयागराज विकास प्राधिकरण ऋषिराज, नगर आयुक्त साई तेजा तथा अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयुक्त कार्यालय स्थित गांधी सभागार में अर्बन फ्लड, जल प्लावन नियंत्रण एवं स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के संबंध में मंडल स्तरीय प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वर्षा ऋतु के दौरान शहर के निचले क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम के सहयोग से चिन्हांकित ऐसे क्षेत्रों, जहां बरसात के समय जलजमाव की समस्या अधिक देखने को मिलती है, वहां वर्षा जल की निकासी सुनिश्चित करने के लिए नालों पर डैम, गेट और पंपिंग स्टेशन स्थापित कर अतिरिक्त वर्षा जल की निकासी हेतु बनाई गई योजना को प्रशासनिक समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया। इस योजना का उद्देश्य शहर के निचले और संवेदनशील इलाकों में जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करना तथा नागरिकों को होने वाली असुविधा को कम करना है।पंपिंग सिस्टम से निकलने वाले कुल जल प्रवाह की निगरानी और सटीक माप के लिए फ्लो-मीटर लगाए जाएंगे। साथ ही पंप कंट्रोल पैनल में रिमोट मॉनिटरिंग एवं कम्युनिकेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे केंद्रीय मॉनिटरिंग कक्ष को वास्तविक समय में आवश्यक सूचनाएं प्राप्त होती रहेंगी और प्रणाली की प्रभावी निगरानी संभव हो सकेगी।




