मनोरंजन
टीम इंडिया की जीत पर मनाया होली-दिवाली जैसा जश्न

Vijay Kumar Yadav
प्रयागराज। टी 20 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में जश्न का माहौल देखने को मिला। अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया। जैसे ही भारत की जीत तय हुई, वैसे ही प्रदेश भर में क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
प्रयागराज में भी टीम इंडिया की जीत को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शहर में कई जगहों पर बड़ी एलसीडी स्क्रीन लगाकर लोगों ने सामूहिक रूप से मैच का आनंद लिया। शाम से ही समर्थकों की भारी भीड़ अलग-अलग स्थानों पर जुटने लगी थी और जैसे ही भारत जीत के करीब पहुंचा, सड़कों पर जश्न शुरू हो गया। शहर के लोकनाथ, जानसेनगंज, अल्लापुर और सिविल लाइंस इलाके में हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए। हाथों में तिरंगा लहराते हुए समर्थक डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते दिखे तो कहीं रंग-गुलाल उड़ाकर होली जैसा जश्न मनाया गया।
कई जगहों पर समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और “भारत माता की जय” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में शामिल होते नजर आए। शहर के लगभग हर इलाके में देर रात तक जश्न का माहौल बना रहा।




