हेल्थ

डॉक्टरों के लिए सीएम योगी का मंत्र: “अच्छा व्यवहार ही सबसे बड़ी दवा”, यूपी बना देश के विकास का नया पहिया!

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 10 में केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और इसमें 300-350 बेड की सुविधा है।

Sanjay Singh

गौतम बुद्ध नगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर 10 में केडीएसजी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। यह अस्पताल करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है और इसमें 300-350 बेड की सुविधा है। उद्घाटन के बाद सीएम योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर प्रकाश डाला।

विकास का नया इंजन बना उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास का नया इंजन बन चुका है। गौतमबुद्ध नगर में फिल्म सिटी और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स चल रहे हैं। निवेश बढ़ रहा है और राज्य सरकार हर क्षेत्र में पूरा सहयोग दे रही है। उन्होंने जोर दिया कि पहले प्रदेश की पहचान ‘एक जनपद एक माफिया’ से जुड़ी थी, लेकिन अब ‘एक जनपद एक मेडिकल कॉलेज’ के लक्ष्य पर तेजी से काम हो रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति

मुख्यमंत्री ने बताया कि बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं हर नागरिक का अधिकार हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 60 करोड़ और उत्तर प्रदेश के 5.60 करोड़ लोगों को गोल्डन कार्ड से मुफ्त इलाज मिल रहा है। निजी क्षेत्र की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं विश्वसनीय, सुलभ और किफायती होनी चाहिए। सीएम योगी ने डॉक्टरों के व्यवहार पर जोर देते हुए कहा, “डॉक्टर का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी खत्म कर देता है।” उन्होंने कपिल देव का उदाहरण दिया कि जैसे कपिल देव की कप्तानी में टीम जीत जाती थी, वैसे ही अच्छा व्यवहार मरीज को मजबूती देता है।

मेडिकल कॉलेजों में वृद्धि और रोजगार

2014 में देश में सिर्फ 6 एम्स थे, जो अब 23 हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 17 से बढ़ाकर 81 कर दी गई है। ऐसे निजी अस्पताल जैसे केडीएसजी मेडिकल कॉलेज जैसी संस्थाएं आगे आ रही हैं। इस 300 बेड अस्पताल से करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।सीएम ने बताया कि आयुष्मान कार्ड न होने पर भी मुख्यमंत्री राहत कोष से एक साल में 1300 करोड़ रुपये मरीजों को दिए गए हैं।

विकसित भारत के निर्माण में UP की अहम भूमिका : सांसद महेश शर्मा 

कार्यक्रम में मौजूद सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश अहम भूमिका निभाएगा। 30 साल पहले निवेशक यहां आने से कतराते थे, लेकिन अब कानून-व्यवस्था, सड़क और बुनियादी सुविधाओं में सुधार से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। जापान और सिंगापुर जैसे देश भी प्रदेश में निवेश के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने मेट्रो के दूसरे रूट, रजिस्ट्री, रेरा और किसानों की समस्याओं के समाधान पर भी बात की। मौजूद प्रमुख अतिथिउद्घाटन समारोह में पूर्व क्रिकेटर कपिल देव (अस्पताल से जुड़े), प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, विधायक तेजपाल नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, प्रमोटर सुनील कुमार गुप्ता और डॉ. अजिंक्य डीवाई पाटिल समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button