राजधानी के दो युवा पत्रकारों को श्रद्धांजलि, शोकसभा में उमड़ा जनसैलाब

गोविन्द प्रजापति
लखनऊ । राजधानी के मुख्य धारा के दो युवा पत्रकार स्वर्गीय विधि सिंह और स्वर्गीय मोहम्मद इरफान को आज यू.पी. प्रेस क्लब में आयोजित शोकसभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा में बड़ी संख्या में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दोनों दिवंगत पत्रकारों के व्यक्तित्व, उनकी निष्पक्ष पत्रकारिता, निर्भीक लेखनी और सादा जीवन शैली को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि विधि सिंह और मोहम्मद इरफान ने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम माना। उनकी खबरों में आम जनमानस की पीड़ा और सामाजिक सरोकारों की स्पष्ट झलक मिलती थी।सभा में वक्ताओं ने दोनों परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।अधिकांश वक्ताओं ने सरकार से मांग की कि दोनों दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को समुचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि उनके आश्रितों को भविष्य में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।सभा को यू.पी. वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, यू.पी. प्रेस क्लब के अध्यक्ष रवीन्द्र कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान, यूनियन की लखनऊ इकाई के अध्यक्ष शिवशरण सिंह, प्रदेश महामंत्री देवराज सिंह, पी.के. तिवारी, मान्यता समिति के कोषाध्यक्ष आलोक त्रिपाठी सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकारों ने संबोधित किया।वरिष्ठ पत्रकार भास्कर दुबे, सुरेश यादव, परवेज अहमद, हुमायूं चौधरी, नजम अहमद, कुद्ददूस हाशमी, अखिलेश श्रीवास्तव, शशि नाथ दुबे, अजीत कुमार सिंह, जुबेर अहमद, विशाल सिंह, अमरेंद्र सिंह, तौकीर किदवाई, आसिफ जाफरी, विजय मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पत्रकारों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी।सभा का समापन दो मिनट के मौन के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



