उत्तर प्रदेश

शादी के बाद पति बोला- मेरा अफेयर है, तुझे नौकरानी बनकर रहना होगा, कानपुर की लेडी डॉक्टर ने CM योगी से लगाई इंसाफ की गुहार

कानपुर की एक लेडी डॉक्टर के साथ संभल में जो हुआ, उसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। दहेज की भूख और बेटे की चाहत में एक हंसते-खेलते परिवार ने अपनी ही बहू की जिंदगी बर्बाद कर दी

NIT -News

कानपुर की एक लेडी डॉक्टर के साथ संभल में जो हुआ, उसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। दहेज की भूख और बेटे की चाहत में एक हंसते-खेलते परिवार ने अपनी ही बहू की जिंदगी बर्बाद कर दी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वालों ने साजिश रचकर न केवल उसका दो बार गर्भपात कराया, बल्कि जब उसने बेटी को जन्म दिया तो पति ने उसे ठुकराकर अपनी प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली। अब पीड़ित डॉक्टर इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही है। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता कानपुर के चकेरी इलाके की रहने वाली हैं। उसके पिता सेना से रिटायर्ड सूबेदार मेजर हैं। परिवार ने बेटी की शादी संभल के एक कारोबारी परिवार में की थी। दोनों की मुलाकात एक मैरिज साइट के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ी और 23 मार्च 2022 को दोनों परिवारों की रजामंदी से शादी हो गई। शादी में युवती के पिता ने करीब 50 लाख रुपए खर्च किए थे। आरोप है कि ससुराल वालों ने युवती के सभी जेवर और कीमती सामान यह कहकर रखवा लिया कि इलाके में चोरी की घटनाएं ज्यादा होती हैं।

पीड़िता का आरोप है कि शादी की पहली ही रात पति ने स्वीकार किया कि वह दीपा सराय की एक महिला से प्यार करता है। पति ने कहा कि वह अपनी प्रेमिका के साथ रहना चाहता था, लेकिन परिवार ने पैसों के लिए यह शादी करा दी। महिला डॉक्टर का कहना है कि पति ने यह भी कहा कि शादी में 15 लाख रुपए कैश मिले हैं, जबकि परिवार को 25 लाख रुपए चाहिए थे। इसके बाद 10 लाख रुपए और लाने का दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि पैसे नहीं लाने पर तलाक और घर में नौकरानी बनाकर रखने की धमकी दी जाती थी।

महिला डॉक्टर ने बताया कि शादी के बाद जब वह दो बार गर्भवती हुई, तब ससुराल वालों ने उन्हें धोखे से दवाएं खिलाईं। इन दवाओं की वजह से उनका गर्भपात हो गया। पीड़िता ने बताया कि इससे उसकी तबीयत भी काफी खराब हो गई थी। उसके बाद जब वह तीसरी बार गर्भवती हुई तो कानपुर अपने मायके आ गई। यहां सुरक्षित माहौल में उसने एक बेटी को जन्म दिया।

आरोप है कि बेटी के जन्म के दौरान ही पीड़िता को पता चला कि उसके पति ने संभल में अपनी प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली है। महिला डॉक्टर का कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में सवाल किया तो पति ने कहा कि अगर साथ रहना है तो पिता से 10 लाख रुपए लेकर आओ। पति ने यह शर्त भी रखी कि उन्हें उसकी दूसरी पत्नी के साथ ही रहना होगा। डॉक्टर का दावा है कि पति ने यह तक कहा कि वह 4 शादियां कर सकता है। पीड़िता ने पति के बहनोई पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने कमरे में घुसकर उसके साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की थी।

13 धाराओं में केस दर्जअब इस मामले में कानपुर के चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ 13 गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली हैं। इसलिए अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। अब पीड़िता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगा रही हैं। वहीं, एडीसीपी ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button