खेल
तृतीय अंतर वाहिनी पीएसी प्रतियोगिता संपन्न:सेनानायक प्राची सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया

एन.आई. टी. ब्यूरों
लखनऊ के सरोजनी नगर स्थित 32वीं वाहिनी पीएसी द्वारा आयोजित तृतीय अंतर वाहिनी पीएसी मध्य जोन भारोत्तोलन क्लस्टर (भारोत्तोलन, योगा एवं पावर लिफ्टिंग) प्रतियोगिता-2026 का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ की सेनानायक प्राची सिंह (आईपीएस) ने विजेताओं को चल वैजयन्ती प्रदान कर सम्मानित किया।
इस प्रतियोगिता में मध्य जोन की कुल नौ टीमों ने भाग लिया, जिनमें 02वीं, 11वीं, 27वीं सीतापुर, 10वीं बाराबंकी, 30वीं गोंडा, 26वीं गोरखपुर, 32वीं व 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ तथा एसडीआरएफ शामिल थीं। कुल 138 खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।योगा प्रतियोगिता में 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर चल वैजयन्ती अपने नाम की। 35वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ के आरक्षी दीपक को ‘योग सम्राट’ घोषित किया गया। समापन दिवस पर योगा प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के पारंपरिक, कलात्मक, लयात्मक एकल, युगल एवं समूह वर्गों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दीपक ने पारंपरिक एवं कलात्मक वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि 26वीं, 30वीं एवं 27वीं वाहिनी के खिलाड़ियों ने भी विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किए।
वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर ट्रॉफी जीती। इस वर्ग में आरक्षी मंजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ वेटलिफ्टर का खिताब मिला। इसी प्रकार, पावरलिफ्टिंग में भी 32वीं वाहिनी पीएसी लखनऊ अव्वल रही। आरक्षी मोहित अहिरवार को सर्वश्रेष्ठ पावरलिफ्टर चुना गया।
जितेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया
मुख्य अतिथि प्राची सिंह के आगमन पर सह आयोजन सचिव एवं उप सेनानायक जितेंद्र कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। वाहिनी बैंड की धुन पर मार्च पास्ट के माध्यम से उन्हें मान-प्रणाम दिया गया। समारोह में सहायक सेनानायक आदित्य कुमार, शिविरपाल सुनील कुमार, सूबेदार सैन्य सहायक संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में सह आयोजन सचिव उप सेनानायक जितेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।




