महिला उत्पीडन के मामलों का निस्तारण करेगी नारी अदालत टीम
जिला प्रोबेशन कार्यालय में नारी अदालत योजना के तहत चयनित महिलाओं में मुख्य न्याय सखी और सदस्य न्याय सखियों की बैठक जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता की अध्यक्षता संपन्न हुई।

श्री राम प्रजापति
चित्रकूट। जिला प्रोबेशन कार्यालय में नारी अदालत योजना के तहत चयनित महिलाओं में मुख्य न्याय सखी और सदस्य न्याय सखियों की बैठक जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रगति गुप्ता की अध्यक्षता संपन्न हुई। जिसमें नारी अदालत की टीम को उनके कार्यों का विवरण व जिम्मेदारियां आदि बताते हुए जानकारी दी गई कि महीने में दो बैठक करेंगे। जिसका उनको मानदेय भी दिया जाएगा तथा अपने विकासखंड में किसी भी महिला के साथ घरेलू हिंसा या शोषण आदि से संबंधित मामलों का निस्तारण करेंगे। निस्तारण न कर पाने की दशा या किसी प्रकार की समस्या आने पर कार्यालय में अवगत कराएंगे तथा महिला कल्याण विभाग की समस्त जन कल्याणकारी योजनाएं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, हेल्पलाइन नंबर आदि का प्रचार प्रसार भी करेंगे तथा अन्य विभागों से संबंधित किसी भी योजना के विषय में ग्रामीण महिलाओं की सहायता भी करेंगे। तत्पश्चात नारी अदालत टीम को जिले में स्थित सखी वन स्टाप सेंटर कार्यालय में स्टाफ के साथ भी बैठक संपन्न कराई गई और उनको कार्यालय और वहां के स्टाफ से परिचित कराया गया।




