गाजीपुर मेंविधिक शिविर में 21,971 लोगों को मिला लाभ:जिला जज ने कहा- पात्र व्यक्तियों को समय पर सहायता मिले
गाजीपुर के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि यह शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और उन्हें लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिविर के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज (कक्ष संख्या-01) शक्ति सिंह ने जानकारी दी कि शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 45 स्टॉल लगाए गए थे।

Arvind Kumar Patel
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार गाजीपुर जनपद न्यायालय परिसर में 22 फरवरी 2026 को एक मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर से कुल 21,971 व्यक्तियों को लाभ मिला।

शिविर का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जनपद के सभी नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध सहायता मिल सके।
गाजीपुर के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि यह शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और उन्हें लाभान्वित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिविर के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज (कक्ष संख्या-01) शक्ति सिंह ने जानकारी दी कि शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 45 स्टॉल लगाए गए थे।
इन स्टॉलों पर पेंशन, बीमा योजनाएं, बिजली-पानी बिल समाधान, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यक योजनाओं पर सहायता प्रदान की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर की सचिव अर्चना ने बताया कि शिविर के माध्यम से कुल 21,971 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया गया। शिविर में मौके पर ही आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रही, जिससे लोगों को त्वरित पंजीकरण और स्वीकृति में सहूलियत मिली। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श भी दिया गया।इसके अतिरिक्त, पुलिस विभाग द्वारा हेल्पलाइन एवं साइबर अपराध संबंधी जानकारी हेतु विशेष पंडाल लगाया गया था। बैंकों ने वैयक्तिक एवं अन्य ऋण योजनाओं के लिए आवेदन सुविधा प्रदान की। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं बैसाखी भी वितरित की गईं।इस अवसर पर पी.ओ. (एम.ए.सी.टी.) संजय हरिशुक्ला, सिविल बार संघ अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राकेश कुमार मिश्रा, क्षेत्राधिकारी (नगर) शेखर सेंगर सहित न्यायिक, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





