Dinesh Kumar Prajapati
वैश्विक स्तर पर भी रक्षा बजट में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिल रही है। जर्मनी और कनाडा जैसे देशों ने पहले रक्षा खर्च कम कर दिया था, लेकिन अब तेजी से बजट बढ़ाया है। अमेरिका पहले से ही दुनिया का सबसे बड़ा रक्षा खर्च करने वाला देश है, जबकि इस्राइल जैसे देश एडवांस एंटी-मिसाइल सिस्टम (जैसे आयरन डोम) पर लगातार निवेश बढ़ा रहे हैं। खास तौर पर ईरान, पश्चिम एशिया, रूस, यूक्रेन से खासी मांग है।
कारोबारियों के मुताबिक अब युद्ध ‘टेक्नोलॉजिकल वॉर’ बन चुका है। ईरान द्वारा कम लागत वाले प्री-प्रोग्राम्ड ड्रोन के इस्तेमाल ने यह साबित कर दिया है कि भविष्य के युद्ध में कम लागत वाले स्मार्ट हथियार निर्णायक हो सकते हैं।
इसी ट्रेंड को देखते हुए यूपी की कंपनियां भी तेजी से नई तकनीकों पर काम कर रही हैं। नोएडा स्थित कंपनियां ड्रोन प्रिवेंशन सिस्टम और सिंथेटिक बैरियर जैसे इनोवेशन ला रही हैं, जो मिसाइल और ड्रोन हमलों के प्रभाव को कम करते हैं। सिंथेटिक बैरियर का इस्तेमाल ईरान, इस्राइल सहित अन्य देशों में तेजी से बढ़ा है। ये पांच किलो वजनी बोरियां होती हैं, जिन्हें इमारत के ऊपर खाली कमरों में भर दिया जाता है। ड्रोन हमले से निकली ऊर्जा को ये बोरियां अवशोषित कर लेती हैं और इमारत को कम नुकसान होता है। एक बोरी की कीमत करीब 600 रुपये है।
रक्षा निर्यात के मोर्चे पर भी यूपी की स्थिति मजबूत हुई है। प्रदेश से उत्पाद अब रूस से लेकर नाटो देशों तक भेजे जा रहे हैं। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से आने वाले वर्षों में ऑर्डर और तेजी से बढ़ेंगे। हालांकि उद्यमियों का कहना है कि इसके लिए स्किल, क्वालिटी और सिस्टम अपग्रेडेशन की जरूरत है। खासतौर पर एमएसएमई सेक्टर को वैश्विक मानकों के अनुरूप खुद को अपडेट करना होगा।नोएडा के फेरीटरो इंडिया के सौरभ खंडेलवाल ने कहा कि ड्रोन और मिसाइल खतरों को देखते हुए अब सिंथेटिक बैरियर जैसे हल्के और प्रभावी समाधान की मांग बढ़ रही है। यह तकनीक कम वजन में ज्यादा सुरक्षा देती है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संभावनाएं काफी बड़ी हैं। श्री हंस एनर्जी सिस्टम्स के निदेशक गौरव पिलानिया का कहना है कि हथियारों की मांग है। पश्चिम एशिया का मौजूदा संकट यूपी के डिफेंस सेक्टर के लिए बड़ा बाजार है, जिससे उत्पादन और निर्यात दोनों में उछाल आएगा।