T20 वर्ल्ड कप जीतने पर BCCI ने 131 करोड़ रुपये का इनाम. India
टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा। BCCI ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए 131 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड इनामी राशि का ऐलान किया है।

Govind prajapati
टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए बीसीसीआई ने टीम के लिए 131 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड कैश इनाम का ऐलान किया है। बोर्ड ने इस इनामी राशि की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके अलावा भारतीय टीम को आईसीसी की ओर से भी अलग से प्राइज मनी दी गई है।
बीसीसीआई द्वारा घोषित 131 करोड़ रुपये की इनामी राशि टीम इंडिया के पूरे स्क्वॉड में बांटी जाएगी। इसमें 15 खिलाड़ियों के साथ कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ को भी बराबर का हिस्सा मिलेगा। इससे पहले आईसीसी ने टीम इंडिया को 3 मिलियन डॉलर (करीब 27.48 करोड़ रुपये) की इनामी राशि प्रदान की थी।
साल 2024 में जब टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप जीता था, तब बीसीसीआई ने टीम को 125 करोड़ रुपये का कैश प्राइज दिया था। उस समय हेड कोच राहुल द्रविड़ को 5 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला था। इस बार इनामी राशि में 6 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि है।
लगातार दो बार खिताब जीतकर बनाया रिकॉर्ड
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप जीतकर नया इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकतरफा जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बन गया है। इतना ही नहीं, टीम इंडिया ने पहली बार अपने घरेलू मैदान पर भी टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड बनाया है।




