लखनऊ

हिन्दू–मुस्लिम एकता और अमन-शांति की दुआओं के साथ सम्पन्न हुआ पत्रकार एसोसिएशन का भव्य रोज़ा इफ्तार

गंगा-जमुनी तहज़ीब की दिखी मिसाल, विभिन्न धर्मगुरु एक साथ रोज़ा इफ्तार में हुए शामिल

गोविन्द प्रजापति 

लखनऊ। पाक माह-ए-रमज़ान के मुबारक अवसर पर गंगा-जमुनी तहज़ीब की नगरी लखनऊ ने एक बार फिर आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता की अनूठी मिसाल पेश की। उ.प्र. ज़िला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन एवं जश्न-ए-आजादी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य रोज़ा इफ्तार कार्यक्रम में सभी धर्मों और सम्प्रदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर रोज़ा इफ्तार किया और प्रदेश में अमन-शांति, खुशहाली तथा आपसी सद्भाव के लिए दुआएँ कीं।

कार्यक्रम का आयोजन तैयब हॉल, ऐशबाग ईदगाह में किया गया, जहाँ विभिन्न धर्मगुरुओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे लखनऊ की गंगा-जमुनी तहज़ीब का जीवंत उदाहरण बताया।इस अवसर पर इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फ़रंगी महली, जश्न-ए-आजादी के अध्यक्ष मुरलीधर आहूजा, वेदव्रत बाजपेई,राजेंद्र सिंह बग्गा,हरपाल सिंह जग्गी, वी बी पांडेय,संदीप पांडेय,मो अली साहिल सहित अनेक प्रख्यात हस्तियों ने शिरकत की। विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं ने एक साथ बैठकर रोज़ा इफ्तार किया और समाज में प्रेम, भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया।इफ्तार के बाद मौलाना मुश्ताक ने रोज़ेदारों को नमाज़ अदा कराई और देश की अखंडता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष दुआ कराई।इस अवसर पर जश्न-ए-आजादी के अध्यक्ष मुरलीधर आहूजा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और विभिन्न समुदायों के बीच आपसी विश्वास को और मज़बूत करते हैं। वहीं पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री अब्दुल वहीद ने कहा कि संस्था पत्रकारिता के दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा के साथ निभा रही है।

एसोसिएशन के सचिव जुबैर अहमद ने कहा कि इस रोज़ा इफ्तार मे सभी धर्मों के लोगों ने शिरकत कर एकता का सन्देश दिया हैं जो इसकी सबसे बड़ी सफलता है और यह लखनऊ की गंगा-जमुनी तहज़ीब का प्रतीक भी है।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के चेयरमैन अज़ीज़ सिद्दीकी,एम एम मोहसिन,तौसीफ हुसैन, वामिक खान, अभय अग्रवाल, संजय गुप्ता, डॉ जफर खान, मोहम्मद इरफ़ान,नजम अहसन, समाजसेवी आरिफ ज्वेलर्स, सहित समाजसेवियों, चिकित्सकों, पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों सहित बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन में आए सभी अतिथियों का मुरलीधर आहूजा, अज़ीज़ सिद्दीकी, अब्दुल वहीद, जुबैर अहमद और तौसीफ हुसैन ने अंगवस्त्र पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने प्रदेश में शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने का संकल्प लिया।यह आयोजन केवल एक रोज़ा इफ्तार नहीं, बल्कि एक संदेश था — एकता का, प्रेम का और उस लखनऊ की पहचान का, जहाँ दिल मिलते हैं और दुआएँ सबके लिए होती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button