19 फरवरी से शुरू होंगी संस्कृत बोर्ड परीक्षाएं, 55,812 परीक्षार्थी होंगे शामिल

(NIT)ब्यूरों
लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक संस्कृत शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा परीक्षा वर्ष 2026 की पूर्व मध्यमा द्वितीय, उत्तर मध्यमा प्रथम एवं उत्तर मध्यमा द्वितीय परीक्षाएं 19 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा दो पालियों में सम्पन्न होगी, जिसमें प्रथम पाली प्रातः 08ः30 से 11ः45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02 से 05ः15 बजे तक निर्धारित की गई है।
परिषद के सचिव शिव लाल ने बताया कि पूर्व मध्यमा द्वितीय में 21,912, उत्तर मध्यमा प्रथम में 14,156 तथा उत्तर मध्यमा द्वितीय सहित कुल 55,812 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 241 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें राजकीय इंटर कॉलेज, सहायता प्राप्त माध्यमिक एवं संस्कृत विद्यालय तथा वित्तविहीन संस्कृत विद्यालय शामिल हैं।
सचिव ने बताया कि परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी जनपदों में प्रश्नपत्रों एवं परीक्षा सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है तथा उत्तर पुस्तिकाएं क्रमांकित, सिलाईयुक्त एवं सुरक्षित सीलिंग व्यवस्था के साथ उपलब्ध कराई गई हैं। प्रश्नपत्रों के समय पूर्व प्रकटन एवं अनुचित साधनों की रोकथाम हेतु सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 प्रभावी रहेगा।
नकलविहीन परीक्षा संचालन के उद्देश्य से सीसीटीवी, वॉयस रिकॉर्डर एवं डीवीआर युक्त विद्यालयों को ही परीक्षा केन्द्र बनाया गया है तथा शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से सभी केन्द्रों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। जनपद एवं मण्डल स्तर पर सचल दल गठित किए गए हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को प्रश्नपत्र खोलने हेतु समिति गठन तथा दैनिक उपस्थिति विवरण परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र को यूजर आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराया गया है तथा परीक्षार्थियों की फोटोयुक्त उपस्थिति व्यवस्था भी लागू की गई है।
सचिव ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश देते हुए कहा कि परिषद द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।



