राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज अयोध्या दौरे पर, श्री राम जन्मभूमि मंदिर में करेंगी दर्शन
सीएम योगी ने राष्ट्रपति को मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। राष्ट्रपति करीब साढ़े 10 बजे दिल्ली से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम ने उनका स्वागत किया।

गोविन्द प्रजापति/अयोध्या,। द्रौपदी मुर्मू ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने मंदिर के द्वितीय तल पर स्थित राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना की और आरती उतारी। इस दौरान वैदिक आचार्यों ने पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया। राष्ट्रपति मुर्मू सुबह लगभग साढ़े 10 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां उनका पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। एयरपोर्ट से निकलकर राष्ट्रपति ने जगतगुरु आद्य शंकराचार्य द्वार से रामनगरी में प्रवेश किया। राम मंदिर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने सबसे पहले रामलला के दर्शन किए और मंदिर परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें मंदिर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू मंदिर के दूसरे तल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने राम दरबार में श्रीराम यंत्र की स्थापना कर पूजा-अर्चना की। अयोध्या में राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहीं। नवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्रपति का यह धार्मिक दौरा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। संत प्रमानंद महारा से करेंगी भेंट अपने अयोध्या प्रवास के बाद राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर करीब 3 बजे मथुरा के लिए रवाना होंगी। वहां वे इस्कॉन मंदिर और प्रेम मंदिर में दर्शन करेंगी। साथ ही अगले दिन, 20 मार्च को, वे संत प्रेमानंद महाराज से भेंट भी करेंगी।
कूरेभार के पास से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर
सुल्तानपुर की दिशा से अयोध्या आने वाले भारी वाहनों को कूरेभार के पास से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी तरह रायबरेली से आने वाले ट्रक और अन्य मालवाहक वाहनों को हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।दोस्तपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर
आजमगढ़ और अंबेडकरनगर की ओर से आने वाले वाहनों को गोहन्ना मोड़ से दोस्तपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ने की व्यवस्था की गई है। वहीं, बाराबंकी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भिटरिया रामसनेही घाट से हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट किया जाएगा।बस्ती से आने वाले को नवाबगंज गोंडा की तरफ भेजा जाएगा
बस्ती की दिशा से आने वाले वाहनों को लोलपुर से नवाबगंज गोंडा की ओर भेजा जाएगा। इसी प्रकार गोंडा से अयोध्या की ओर आने वाले भारी वाहनों को नवाबगंज से लकड़मंडी और लोलपुर होते हुए बस्ती की दिशा में डायवर्ट किया जाएगा।गोरखपुर से आने वालो कों पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा
गोरखपुर की ओर से आने वाले वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे के माध्यम से सीधे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा। इसके अलावा गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती से आने वाले वाहनों को फुटहिया चौकी, कलवारी, टांडा, अकबरपुर और दोस्तपुर के रास्ते भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट करने की व्यवस्था की गई है।इसी तरह गोरखपुर और संतकबीरनगर की ओर से आने वाले कुछ वाहनों को खलीलाबाद के मंझरिया तिराहा से कटका, मेंसिर और धनघटा होते हुए बिल्हरघाट फ्लाईओवर के रास्ते अंबेडकरनगर और फिर दोस्तपुर से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जाएगा।
लखनऊ जाने वाले को सिधौली-सीतापुर मार्ग से जाएंगे
बलरामपुर, बहराइच, गोंडा और श्रावस्ती से अयोध्या होकर लखनऊ जाने वाले वाहनों को टिकोरा मोड़ से चहलरी घाट रोड के रास्ते सिधौली-सीतापुर-लखनऊ मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, कानपुर और आगरा एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहनों को कानपुर, उन्नाव, मौरावां, मोहनलालगंज और गोसाईगंज के रास्ते चांद सराय से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भेजा जाएगा।सीतापुर और शाहजहांपुर से आ रहे तो इन रास्ते से मुड़ना होगा
सीतापुर और शाहजहांपुर की दिशा से आने वाले वाहनों को आईआईएम रोड दुबग्गा से आलमबाग, नहरिया और शहीदपथ होते हुए अहीमामऊ के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर मोड़ने की व्यवस्था की गई है। एसपी ट्रैफिक एपी सिंह ने कहा कि डायवर्जन की जानकरी करके ही आगे बढ़े। निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।




