यूपी रोजगार मेले में 49 कंपनियों में युवाओं को मिलेगी नौकरी, निम्न पदों पर भर्ती होंगी
आईटीआई प्रतापगढ़ में नौ एवं 10 मार्च को आयोजित रोजगार मेले में आने वाले ढाई हजार से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें कक्षा आठ पास से लेकर स्नातक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले बेरोजगारों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

रवीश सिंह
जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। राजकीय आईटीआई प्रतापगढ़ में नौ एवं 10 मार्च को आयोजित रोजगार मेले में आने वाले ढाई हजार से अधिक युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें कक्षा आठ पास से लेकर स्नातक एवं तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले बेरोजगारों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस दो दिवसीय रोजगार मेले में लगभग 49 प्रतिष्ठित कंपनियां एवं नियोजक प्रतिभाग करेंगे, इच्छुक युवाओं को इसके लिए रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। मेले में आने के बाद भी इसका पंजीकरण किया जा सकेगा। ऐसे युवा जो हाई स्कूल इंटरमीडिएट आईटीआई डिप्लोमा स्नातक एवं परास्नातक होने के बाद भी बेरोजगार हैं, वह मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले में ट्रेनी, मशीन आपरेटर, प्रोडक्शन ट्रेनी, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, पिकर/पैकर, सिक्योरिटी गार्ड, किचन हेल्पर, माइक्रो लोन आफिसर, टेक्नीशियन, टेलीसेल्स एग्जीक्यूटिव आदि विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, महाराष्ट्र एवं दिल्ली-एनसीआर आदि स्थानों पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने बायोडाटा, शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति तथा आधार कार्ड के साथ रोजगार मेले में आ सकते हैं।



