खेल

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ

कौशल के साथ खेल को जोड़कर युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर ,योगी सरकार की पहल से आईटीआई में खेल संस्कृति को नया आयाम

NIT-news

लखनऊ:  व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के अधीन प्रशिक्षण निदेशालय, लखनऊ के निर्देशन में 20 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित “राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26” का शुभारंभ आज केडी सिंह बाबू स्टेडियम में विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की सलामी और प्रतिभागियों के शपथ ग्रहण के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन हुआ।

इस अवसर पर मंत्री अग्रवाल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण के साथ युवाओं को खेलों से जोड़कर उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आईटीआई संस्थानों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी शारीरिक रूप से सशक्त और मानसिक रूप से आत्मविश्वासी बन सकें। उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस का माध्यम हैं बल्कि जीवन में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मबल का विकास भी करते हैं।

मंत्री ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत और हार दोनों ही जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर प्रयास ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि योग्यता और आत्मविश्वास के साथ कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। खेलों के माध्यम से युवाओं के चेहरे पर मुस्कान और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने बताया कि विभाग द्वारा पहली बार इस प्रकार की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं के व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना है। यह प्रतियोगिता जनपद एवं मंडल स्तर की चयन प्रक्रिया के बाद राज्य स्तर पर आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से कुल 579 प्रतिभागियों (271 महिला एवं 308 पुरुष) ने स्थान बनाया है।

प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह के अनुसार महिलाओं की प्रतियोगिताएं 20 फरवरी तथा पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं 21 फरवरी को आयोजित होंगी, जबकि शेष प्रतियोगिताएं 22 फरवरी को सम्पन्न कराई जाएंगी। प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रतियोगिता में 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, रिले, लंबी व ऊंची कूद, शॉटपुट, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी तथा खो-खो सहित कुल 13 खेल शामिल हैं।

राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेन्द्र प्रसाद अतिरिक्त निदेशक, मानपाल सिंह, अतिरिक्त निदेशक, डी० के० सिंह, निदेशक (प्राविधिक), योगेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक, अनिल वर्मा, संयुक्त निदेशक सहित अन्य अधिकारी, कार्यदेशक, अनुदेशक एवं अन्य स्टाफ तथा दर्शक दीर्घा में खेल का आनन्द लेने के लिये प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button