खेल

भारत को दक्षिण अफ्रीका से मिली टी-20 विश्व कप में अपनी सबसे बड़ी हार, जानिए रिकॉर्ड्स

टी-20 विश्व कप में इससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार साल 2010 में आई थी। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 49 रन से हराया था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे बड़ी हार न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2019 में 80 रनों से आई थी।

NIT-News
नईदिल्ली,23 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 के 43वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारतीय क्रिकेट टीम को 76 रन से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ टूर्नामेंट में भारत का विजयी अभियान थम गया। दक्षिण अफ्रीका ने 187/7 का स्कोर बनाया। जवाब में भारत 111 रन पर सिमट गई। यह हार टी-20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार साबित हुई। टी-20 विश्व कप में यह भारतीय टीम की अब तक की सबसे बड़ी हार भी रही।
टी-20 विश्व कप में इससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार साल 2010 में आई थी। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 49 रन से हराया था। टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की सबसे बड़ी हार न्यूजीलैंड के खिलाफ साल 2019 में 80 रनों से आई थी।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डेविड मिलर (63), डेवाल्ड ब्रेविस (45) और ट्रिस्टन स्टब्स (44) ने प्रोटियाज टीम के लिए शानदार पारियां खेलीं। जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। जवाब में भारतीय टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। सबसे ज्यादा 42 रन शिवम दुबे के बल्ले से निकले। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को कोई मौका ही नहीं दिया। मार्को यानसन ने 4 विकेट लिए।
दक्षिण अफ्रीका को शुरुआती झटके लगे और टीम के 3 बल्लेबाज महज 20 रन पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद मिलर ने ब्रेविस के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 50 गेंदों में 97 रन की अहम साझेदारी हुई। ब्रेविस 45 रन बनाकर आउट हुए। मिलर ने सिर्फ 35 गेंदों का सामना किया और 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी स्ट्राइक रेट 180 की रही। उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने आउट किया।
मिलर टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 22 पारियों में 38 छक्के लगाए हैं। मिलर के अब 26 पारियों में 39 छक्के हो गए हैं। इस सूची में तीसरे स्थान पर निकोलस पूरन हैं, उन्होंने 20 पारियों में भारत के खिलाफ 20 छक्के लगाए थे। दासुन शनाका 30 छक्कों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
मिलर भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 644 रन के साथ जोस बटलर इस सूची में पहले स्थान पर हैं। मिलर के अब 26 पारियों में 626 रन हो गए हैं। इस खिलाड़ी ने पूरन को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने भात के खिलाफ 20 पारियों में 592 रन बनाए थे। मैक्सवेल 576 रन के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं।
बुमराह ने 3 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह टी-20 विश्व कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड तोड़ा। अश्विन ने 17.25 की औसत से 32 विकेट चटकाए थे। बुमराह के 13.36 की औसत से 33 विकेट हो गए हैं। अर्शदीप सिंह ने मैच में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने अश्विन की बराबरी कर ली है और उनके भी इस टूर्नामेंट में 32 विकेट हो गए हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में (पूर्ण सदस्य देशों के बीच) बोल्ड से सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में बुमराह शीर्ष पर आ गए हैं। उन्होंने 44 बल्लेबाजों को बोल्ड किया हैं। उन्होंने लसिथ मलिंगा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 43 विकेट बोल्ड के जरिए झटके थे।
यानसन ने मैच में 3.5 ओवर गेंदबाजी की और 22 रन देकर 4 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 5.70 की रही। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा 4 विकेट हॉल रहा। इस विश्व कप में उन्होंने दूसरी बार 4 विकेट हॉल लिया। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 40 रन खर्च कर 4 विकेट लिए थे। इस खिलाड़ी ने 28 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 33 विकेट अपने नाम किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button