बजारों में विभिन्न प्रकार की पिचकारियां लुभा रही

दिनेश प्रजापति
जौनपुर । होली के त्योहार के लिए बाजार सज गए हैं। विभिन्न प्रकार के मुखौटे और फरसे वाली पिचकारी बच्चों व बड़ों के बीच खूब पसंद की जा रही है। इसके साथ ही क्रिकेट खिलाड़ी के अलावा भालू, बंदर, राक्षस, छोटा भीम जैसे किरदारों के मास्क और कई फिल्मी कलाकारों के विग भी दुकानों पर उपलब्ध हैं, जो ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।नगर से लेकर ग्रामीण अंचल तक के बाजारों में रंग, गुलाल, पिचकारी, टोपी और मुखौटों की दुकानें सज गई हैं।जगह-जगह होली के गीत सुनाई दे रहे हैं, जिससे पर्व का माहौल बन गया है। शहर के कोतवाली चैराहा, पालिकेर रोड, पॉलीटेक्निक चैराहा और ओलंदगंज फलवाली गली सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर होली का बाजार गुलजार है। बाजार में मोर वाले विग की भी काफी मांग है, जिनकी कीमत 80 रुपये से लेकर 300 रुपये तक है। इसके अतिरिक्त, चाइनीज गन वाली पिचकारी भी बेची जा रही है, जो एक हजार रुपये तक उपलब्ध है। रंगों की कीमत दस रुपये प्रति दस ग्राम से लेकर पचास रुपये प्रति दस ग्राम तक है, जबकि अबीर पचास रुपये से लेकर दो सौ रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रहा है।




