फोन हैक करने वाला ट्रेस:IAS अफसरों से मांगे रुपए, STF टीम जमशेदपुर रवाना
लखनऊ में LDA वीसी-एक्सईएन का फोन हैक करने वाला ट्रेस:IAS अफसरों से मांगे रुपए, STF टीम जमशेदपुर रवाना

Sanjay Kumar Singh
लखनऊ में LDA वीसी प्रथमेश कुमार का मोबाइल हैक करने वाले आरोपित की लोकेशन पुलिस ने झारखंड के जमशेदपुर में ट्रेस कर ली है। लोकेशन मिलते ही एसटीएफ और लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम झारखंड के लिए रवाना हो गई है। स्थानीय पुलिस भी संदिग्ध पर नजर बनाए हुए है। हैकर जमशेदपुर में छिपा हुआ है। वहां की पुलिस जैसे ही उसे पकड़ने पहुंची, आरोपित को शक हो गया और वह पास के एक धार्मिक स्थल में घुस गया। पुलिस टीम काफी देर तक बाहर इंतजार करती रही, लेकिन इसी दौरान वह किसी दूसरे रास्ते से फरार हो गया। फिलहाल उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लखनऊ लाया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार का निजी मोबाइल नंबर 18 फरवरी को साइबर जालसाजों ने हैक कर लिया गया था। हैकर ने नंबर का दुरुपयोग करते हुए प्रदेश भर के आईएएस अफसरों से रुपए की मांग की थी। इसमें प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी भी शामिल थे।
मामला सामने आते ही वीसी ने तत्काल पुलिस और साइबर सेल को सूचना दी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। अब पुलिस की नजर जमशेदपुर में सक्रिय साइबर गिरोह पर है। एसटीएफ की टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।



