उत्तर प्रदेश

दोहरीघाट में क्षेत्र पंचायत की वार्षिक बैठक:विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव, गांवों को ‘स्मार्ट गांव’ के रूप में विकसित करने पर काम

दिनेश प्रजापति

दोहरीघाट (मऊ) के ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की वार्षिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय उर्फ राजू ने की, जबकि मुख्य अतिथि मंत्री एके शर्मा के प्रतिनिधि रामचंद्र शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विकास शुक्ल ने बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और सदस्यों को विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान ग्राम्य विकास, पंचायत विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बीडीओ विकास शुक्ल ने बताया कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों द्वारा दिए गए सुझावों और प्रस्तावों का शीघ्र अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन जैसी प्रमुख योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि पात्र व्यक्तियों तक इनका लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बीडीओ ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। इसके बाद, सदस्यों से विकास कार्यों से संबंधित प्रस्ताव आमंत्रित किए गए, जिन्हें उन्होंने ब्लॉक प्रमुख को सौंपा। ब्लॉक प्रमुख प्रदीप कुमार राय ने आश्वासन दिया कि प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मान-सम्मान से कोई समझौता नहीं होगा और सभी ग्राम पंचायतों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र पंचायत के संसाधनों के समुचित उपयोग से समग्र विकास को गति देने की बात भी कही। मुख्य अतिथि रामचंद्र शर्मा ने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकारें गांवों को ‘स्मार्ट गांव’ के रूप में विकसित करने पर काम कर रही हैं। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से आह्वान किया कि वे गांवों को मॉडल के रूप में विकसित करने में सक्रिय भूमिका निभाएं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में सहयोग करें। बैठक में संदीप राय रिंकल, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. फैजान, बाल विकास विभाग से विजयलक्ष्मी, प्रवीण राय, अजय पांडेय, विंध्यवासिनी दूबे, राजेश कुमार, पन्नेलाल गौतम सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button