अपराध
थाना सरोजनीनगर पुलिस ने घर में ताला तोड़कर की गई लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी

गोविन्द प्रजापति
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत थाना सरोजनीनगर पुलिस ने घर में ताला तोड़कर की गई लाखों रुपये की ज्वैलरी चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी एवं नकदी बरामद कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 नवम्बर 2025 को वादिनी श्रीमती पूनम यादव, निवासी गंगानगर अमौसी, थाना सरोजनीनगर, लखनऊ द्वारा थाना सरोजनीनगर में लिखित तहरीर दी गई कि 22 से 24 नवम्बर 2025 के मध्य रात्रि में अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर ताला तोड़ दिया और ज्वैलरी चोरी कर ली। तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 399/2025 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के अंतर्गत पंजीकृत कर विवेचना उपनिरीक्षक उपेन्द्र यादव को सौंपी गई।घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश और सुरागरसी में जुटी रही। 27 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन अभियुक्तों — मासूम अली उर्फ इमरान उर्फ चांद बाबू, रईश उर्फ झिल्ले तथा कैलाश — को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और बिक्री से प्राप्त नकद धनराशि बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई है।पुलिस के अनुसार अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं, जो बंद पड़े घरों की पहले रेकी करते थे और मौका मिलते ही ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। घटना के बाद वे तत्काल फरार हो जाते थे।बरामद माल में दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, तीन पुराने-नए सफेद धातु के सिक्के कुल वजन लगभग 167.600 ग्राम (अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपये), एक जोड़ी झाला एवं एक मंगलसूत्र पीली धातु कुल वजन लगभग 5.460 ग्राम (अनुमानित कीमत लगभग 89 हजार रुपये) तथा 1460 रुपये नकद शामिल हैं, जो चोरी की ज्वैलरी बेचकर प्राप्त किए गए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य अभियुक्त मासूम अली उर्फ इमरान उर्फ चांद बाबू पर लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। रईश उर्फ झिल्ले तथा कैलाश के विरुद्ध भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।थाना सरोजनीनगर पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्रीय नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




