जम्मू-कश्मीर मीडिया प्रतिनिधिमंडल का आरडीएसओ दौरा
अत्याधुनिक तकनीकों एवं अनुसंधान कार्यों से हुए अवगत

गोविन्द प्रजापति
भारत सरकार के ‘डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इन्फॉर्मेशन डिसेमिनेशन’ (डी.सी.आई.डी.) कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 27 मार्च 2026 को जम्मू-कश्मीर के विभिन्न मीडिया संस्थानों से आए प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने, पत्र सूचना कार्यालय (PIB), लखनऊ के अधिकारियों के साथ, आरडीएसओ, लखनऊ का दौरा किया। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने आरडीएसओ की विभिन्न परीक्षण प्रयोगशालाओं एवं अनुसंधान सुविधाओं का अवलोकन किया तथा भारतीय रेलवे को सुरक्षित, आधुनिक एवं कुशल बनाने हेतु अपनाई जा रही अत्याधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी प्राप्त की।
आरडीएसओ के महानिदेशक, श्री प्रभास दनसाना एवं आरडीएसओ के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया और भारतीय रेलवे को तकनीकी सहयोग प्रदान करने में आरडीएसओ की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के उत्तर भी अधिकारियों द्वारा दिए गए। महानिदेशक महोदय ने अपने संबोधन में आरडीएसओ को भारतीय रेलवे का एक महत्वपूर्ण एवं अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि यह संगठन नवीनतम तकनीकों, अनुसंधान एवं नवाचारों के माध्यम से रेलवे को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं आधुनिक बनाने में अहम योगदान दे रहा है।
यह दौरा आरडीएसओ द्वारा भारतीय रेलवे को सुरक्षित, आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के प्रयासों को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा, जिसने संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका को स्पष्ट रूप से दर्शाया।




