घोसी में हिंदू-मुस्लिम ने खेली फूलों की होली:पुलिस रही मुस्तैद
घोसी नगर में बुधवार को हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। घोसी संघर्ष समिति द्वारा आयोजित 'फूलों की होली' कार्यक्रम में दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर त्योहार मनाया।

Dinesh Kumar Prajapati
मऊ जिले के घोसी नगर में बुधवार को हिंदू-मुस्लिम एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। घोसी संघर्ष समिति द्वारा आयोजित ‘फूलों की होली’ कार्यक्रम में दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर त्योहार मनाया। यह लगातार सातवां साल था जब यह आयोजन किया गया। यह उत्सव नगर के पकड़ी मोड़ से मझवारा मोड़ तक निकाला गया। इस दौरान दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाए। पारंपरिक होली गीतों पर झूमते हुए उन्होंने सौहार्द और भाईचारे का प्रदर्शन किया।घोसी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देना है। नगर अध्यक्ष खुशीद खान ने इस पहल को हिंदू-मुस्लिम एकता की एक मजबूत मिसाल बताया।कार्यक्रम में अनिल मिश्रा, सुदर्शन कुमार, नेहाल अख्तर, मन्नान खान और बीजेपी नेता चंद्रशेखर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने इस आयोजन की सराहना की और इसे धर्म तथा जाति से ऊपर उठकर एकता को सशक्त करने वाला कदम बताया।



