उत्तर प्रदेश
खिंझना-बजगहनी मार्ग के चौड़ीकरण का शुभारंभ 37.58 करोड़ की लागत से बनेगी 14 किमी लंबी सड़क
निंदूरा-बाराबंकी। क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में शुक्रवार को खिंझना-बजगहनी मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने परियोजना का शुभारंभ किया।

गौरव सिंह
निंदूरा-बाराबंकी। क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में शुक्रवार को खिंझना-बजगहनी मार्ग के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने परियोजना का शुभारंभ किया। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ नारियल फोड़कर कार्य की शुरुआत की गई।विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की आधारशिला होती हैं। इस मार्ग के चौड़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।खिंझना-बजगहनी मार्ग का चौड़ीकरण करीब 14 किलोमीटर लंबाई में किया जाएगा, जिसकी चौड़ाई लगभग साढ़े पांच मीटर होगी। इस परियोजना पर करीब 37 करोड़ 58 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क निर्माण के साथ-साथ कस्बाई क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या को देखते हुए दोनों ओर नालियों और फुटपाथ का भी निर्माण कराया जाएगा।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान मार्ग के किनारे खड़े पेड़ों को हटाया जाएगा और बिजली के पोलों को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके।इस सड़क के निर्माण से बड़ागांव, भैरमपुर, बछरौली, सालेपुर, ममरखापुर, रमपुरवा, मल्लावां, खिंझना, समनापुर हक्काबाद, ऊधापुर, सैंदर, सोहीपुर, दीनपनाह, भदेसिया और भदरास सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। साथ ही इस मार्ग से सीतापुर जनपद के सिधौली क्षेत्र तक आने-जाने वाले लोगों के लिए भी आवागमन अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।




