(कोलकाता)के. ए. पॉल ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से वैश्विक शांति मिशन में सहयोग की अपील की
डॉ. पॉल ने ममता बनर्जी के साहसिक नेतृत्व की सराहना की, कहा—वैश्विक शांति और विकास के लिए उनका समर्थन महत्वपूर्ण

NIT-News
कोलकाता, 02 मार्च । ग्लोबल पीस इनिशिएटिव (त्रक्कढ्ढ) के संस्थापक और ईसाई प्रचारक डॉ. के. ए. पॉल ने सोमवार को कोलकाता प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपने अंतरराष्ट्रीय शांति प्रयासों की रूपरेखा प्रस्तुत की और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इन पहलों को समर्थन देने की अपील की। डॉ. पॉल ने कहा कि भारत को विश्व में शांति को बढ़ावा देने में नेतृत्वकारी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 1981 से वैश्विक शांति अभियानों में सक्रिय हैं। उन्होंने 15 जनवरी को अमेरिका के कैनसस स्थित अमेरिकी संसद में दिए अपने संबोधन का उल्लेख किया, जहां उन्होंने जारी वैश्विक संघर्षों को समाप्त करने का आह्वान किया था। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में वरिष्ठ नेतृत्व के साथ भी बैठकें कीं। डॉ. पॉल के अनुसार, 22 फरवरी को चेन्नई में उन्होंने विभिन्न धर्मों के नेताओं और हजारों प्रतिभागियों के साथ एक वैश्विक शांति रैली आयोजित की, जिसका उद्देश्य एकता और संवाद को बढ़ावा देना था। उन्होंने कहा कि शांति के प्रयास राजनीतिक सीमाओं से परे होने चाहिए और अतीत में विभिन्न दलों के नेता भी उनके अंतरराष्ट्रीय अभियानों में शामिल रहे हैं।
पश्चिम बंगाल यात्रा के बारे में उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर मध्य पूर्व में चल रहे शांति प्रयासों के लिए उनका समर्थन चाहते हैं। उन्होंने ममता बनर्जी को साहसी और प्रभावशाली नेता बताते हुए कहा कि यदि वे शांति के पक्ष में अपना समर्थन देती हैं तो इसका वैश्विक स्तर पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। डॉ. पॉल ने कहा कि शांति और विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। उनका कहना था, “जहां शांति होती है, वहीं समृद्धि और विकास संभव होता है।” उन्होंने हैदराबाद के विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल सरकार के साथ मिलकर कोलकाता और राज्य के अन्य हिस्सों में वैश्विक निवेश आकर्षित करने और रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए सहयोग करना चाहते हैं। वैश्विक संघर्षों पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में डॉ. पॉल ने कई देशों में अपनी मध्यस्थता की भूमिका का उल्लेख किया और नागरिकों, गैर-सरकारी संगठनों, धार्मिक नेताओं तथा राजनीतिक प्रतिनिधियों से शांति निर्माण के प्रयासों में सामूहिक भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संवाद ही विवादों के समाधान के मूल स्तंभ हैं। डॉ. पॉल ने पश्चिम बंगाल में भी एक बड़े पैमाने पर शांति रैली आयोजित करने की घोषणा की, जो देश के अन्य प्रमुख शहरों में आयोजित सभाओं की तर्ज पर होगी। उन्होंने राज्य के लोगों से ग्लोबल पीस इनिशिएटिव से “पीस पार्टनर” के रूप में जुड़ने का आह्वान किया और स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी प्रकार का चंदा नहीं मांगता, बल्कि सहभागिता और एकजुटता पर आधारित है। डॉ. पॉल ने कहा कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात कर वैश्विक शांति प्रयासों और राज्य में संभावित विकास सहयोग पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दोहराया कि विश्व में बढ़ते संघर्षों को रोकने के लिए सामूहिक पहल और ठोस कार्रवाई समय की आवश्यकता है।




