उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सात कालिदास मार्ग पर अर्पित की पुष्पांजलि

न्यू इर्न्फोमेशन टुड़े न्यूज
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को लखनऊ स्थित सरकारी आवास, सात कालिदास मार्ग पर देश के प्रथम राष्ट्रपति एवं ‘भारत रत्न’ डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग, सादगी और उच्च आदर्शों का प्रतीक रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक प्रत्येक चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक परंपराओं और जनकल्याण के प्रति उनका अटूट समर्पण हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। राष्ट्र निर्माण में उनकी अग्रणी भूमिका रही। उनके योगदान के लिए उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया। वह सादगी, विनम्रता और उच्च आदर्शों के प्रतीक थे।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन सादगी और नैतिकता का अनुपम उदाहरण था। राष्ट्रपति पद जैसे उच्च दायित्व पर आसीन रहने के बावजूद उन्होंने सदैव सरल जीवन शैली अपनाई और जनसामान्य से आत्मीय संबंध बनाए रखा। वे भारतीय संस्कृति, शिक्षा और ग्रामीण विकास के प्रबल समर्थक थे।
श्री मौर्य ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण के कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं। लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक समरसता और सुशासन की स्थापना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सम्पर्क सूत्र- बी0एल0 यादव




